चारभाठा में नहर तोड़ने की शिकायत, कलेक्टर से पुनर्निर्माण व कार्रवाई की मांग

चारभाठा में नहर तोड़ने की शिकायत, कलेक्टर से पुनर्निर्माण व कार्रवाई की मांग

00 पहली बार सामने आया मामला, सीधे कलेक्टर तक पहुंची शिकायत

खैरागढ़. विकासखंड छुईखदान के ग्राम चारभाठा स्थित रतवा बांध-पतरझोरी जलाशय से निकली दनिया माइनर नहर को लेकर पहली बार शिकायत सामने आई है। कलेक्टर के जनदर्शन कार्यक्रम में दिए गए आवेदन में नहर एवं उससे जुड़े सर्विस रोड के पुनर्निर्माण और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ ग्रामीणों द्वारा नहर को तोड़कर अपने खेत में मिला लिया गया, जिससे सिंचाई व्यवस्था और आवागमन दोनों प्रभावित हो गए हैं।

नहर टूटने से ग्रामीणों को हो रही परेशानी

आवेदन के अनुसार वर्ष 2005 में निर्मित इस नहर को वर्ष 2015 में कुछ लोगों द्वारा चैन क्रमांक 61 से 76 तक तोड़कर समतल कर दिया गया। इसके चलते नहर का जल प्रवाह पूरी तरह बाधित हो गया और उसी मार्ग पर बनी सर्विस रोड भी बंद हो गई, जिससे ग्रामीणों के लिए आवागमन में गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। शिकायतकर्ता ने इस मामले में उच्च न्यायालय के पूर्व आदेश का हवाला देते हुए अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई है और तत्काल पुनर्निर्माण की मांग की है।

शिकायतकर्ता की पहचान अस्पष्ट

मामले में 17 मार्च 2026 को की गई शिकायत में शिकायतकर्ता का नाम और पता स्पष्ट नहीं लिखा गया है। आवेदन में केवल हस्ताक्षर और मोबाइल नंबर (****933486) ही लिखा गया है। संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन शिकायतकर्ता ने सुबह बात करने की बात कहकर फोन काट दिया। 

सरपंच ने मुआवजा विवाद की जताई आशंका

ग्राम दनिया के सरपंच मंगलूराम साहू ने बताया कि उक्त स्थान पर पहले नहर थी, जिसे कुछ ग्रामीणों द्वारा खेत में मिला दिया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि मुआवजा नहीं मिलने के कारण ऐसा किया गया हो सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस नई शिकायत की औपचारिक जानकारी नहीं मिली है और जानकारी मिलने पर ही स्पष्ट स्थिति सामने आएगी