खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की मशाल गौरव यात्रा का केसीजी जिले में भव्य स्वागत

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की मशाल गौरव यात्रा का केसीजी जिले में भव्य स्वागत

खैरागढ़. छत्तीसगढ़ को पहली बार खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की मेजबानी मिलने पर जिले में उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब इसकी मशाल गौरव यात्रा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला मुख्यालय पहुँची। कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिला प्रशासन द्वारा मशाल यात्रा का गरिमामय स्वागत किया गया, जहाँ जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेन्द्र ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज, डिप्टी कलेक्टर पूजा पींचा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मशाल के साथ पहुँचे शुभंकर मोरवीर का पुष्पमालाओं से स्वागत कर हरी झंडी दिखाकर यात्रा को आगे रवाना किया गया। इसके बाद मशाल यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों व शैक्षणिक संस्थानों से गुजरते हुए आमजन, विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों को आयोजन की जानकारी देती रही। इस दौरान खेल विशेषज्ञों ने बच्चों एवं उभरते खिलाड़ियों को जनजातीय खेलों, प्रतिभा चयन और प्रशिक्षण अवसरों से अवगत कराया। उल्लेखनीय है कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का उद्देश्य दूरदराज और वनांचल क्षेत्रों के प्रतिभाशाली जनजातीय खिलाड़ियों को पहचान दिलाकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाना है।