खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 19 जनवरी को गौ धर्म विज्ञान परीक्षा, गौ सेवा संकल्प दिवस के रूप में होगा आयोजन
खैरागढ़।खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में 19 जनवरी 2026 को प्रथम चरण की गौ धर्म एवं विज्ञान परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसे गौ सेवा संकल्प दिवस के रूप में मनाया जाएगा। प्रथम चरण में यह परीक्षा विद्यालय स्तर पर होगी, जिसमें ग्रुप-ए (कक्षा 6वीं से 8वीं) के 2323 विद्यार्थी, ग्रुप-बी (कक्षा 9वीं से 12वीं) के 2268 विद्यार्थी तथा ग्रुप-सी (महाविद्यालय) के 109 विद्यार्थी सहित कुल 3690 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। प्रत्येक ग्रुप के लिए अलग-अलग पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है। परीक्षा के साथ ही प्रत्येक संस्था में संक्षिप्त कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष, प्राचार्य, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं संतों की उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान गौवंश से ही होगा पंच परिवर्तन विषय पर उद्बोधन के बाद श्री सुरभ्यै नमः मंत्र का 108 बार जप, हवन एवं संकल्प कराया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य स्वदेशी, गो-आधारित कृषि, पंचगव्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के अंतर्गत गौपालन, गौशाला सहयोग, प्लास्टिक के उपयोग से बचाव, चारागाह संरक्षण और घायल गौवंश की सेवा जैसे नागरिक कर्तव्यों पर विशेष जोर दिया जाएगा। जिला नोडल मनोहर चंदेल, छुईखदान नोडल चेतराम वर्मा और परीक्षा प्रभारी दिव्यांश यदु के नेतृत्व में आयोजन को सफल बनाने के लिए जिलेभर में पंजीयन से लेकर परीक्षा तिथि तक व्यापक तैयारियां की गई हैं।



