राजकुमारी इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में डॉ. मंगलानंद झा को पीआरओ की जिम्मेदारी
आगामी आदेश तक संभालेंगे जनसंपर्क अधिकारी का दायित्व, मुकेश यादव करेंगे सहयोग
खैरागढ़। राजकुमारी इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में जनसंपर्क व्यवस्था की जिम्मेदारी में बदलाव किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 12 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के माध्यम से प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के सह-प्राध्यापक डॉ. मंगलानंद झा को आगामी आदेश तक विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) का दायित्व सौंपा है। वहीं, सहायक ग्रेड-3 के कर्मचारी मुकेश यादव पीआरओ के सहयोगी के रूप में कार्यों का संपादन करेंगे। यह आदेश प्रभारी कुलसचिव वेंकट रमन गुडे के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों और विभागों को इसकी सूचना देते हुए आवश्यक पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की प्रतिलिपि सभी अधिष्ठाताओं, विभागाध्यक्षों और विभाग प्रमुखों सहित संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है। साथ ही कुलपति सचिवालय, कुलसचिव कार्यालय और विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी इसकी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।




