इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की डिप्लोमा और पीजी परीक्षाओं के आवेदन शुरू, 16 नवंबर अंतिम मौका

इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की डिप्लोमा और पीजी परीक्षाओं के आवेदन शुरू, 16 नवंबर अंतिम मौका

बिना विलंब शुल्क 5 नवंबर तक भर सकेंगे परीक्षा फॉर्म, इसके बाद विलंब शुल्क के साथ 12 नवंबर तक मिलेगा अवसर

खैरागढ़। राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की डिप्लोमा और स्नातकोत्तर परीक्षाओं के लिए परीक्षा आवेदन की समय-सारणी जारी कर दी है। विश्वविद्यालय द्वारा संचालित समस्त डिप्लोमा परीक्षाओं के नियमित एवं स्वाध्यायी परीक्षार्थियों तथा स्नातकोत्तर स्तर के स्वाध्यायी और भूतपूर्व परीक्षार्थियों को निर्धारित तिथियों के भीतर आवेदन करना होगा। विश्वविद्यालय की अधिसूचना के अनुसार बिना विलंब शुल्क परीक्षा आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 5 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि विलंब शुल्क के साथ 12 नवंबर तक आवेदन किया जा सकेगा। विशेष अनुमति शुल्क, विलंब शुल्क और मूल परीक्षा शुल्क के साथ आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 16 नवंबर 2026 तय की गई है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि 16 नवंबर के बाद किसी भी परिस्थिति में परीक्षा आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

वेबसाइट से निःशुल्क डाउनलोड होंगे फॉर्म

परीक्षार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.iksv.ac.in से परीक्षा आवेदन पत्र निःशुल्क डाउनलोड कर सकते हैं। अधिसूचना के अनुसार विलंब शुल्क डिप्लोमा परीक्षार्थियों के लिए 800 रुपये और स्नातकोत्तर परीक्षार्थियों के लिए 980 रुपये निर्धारित है। विद्यार्थियों को आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा करना होगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि समस्त शुल्क का भुगतान केवल एसबीआई कलेक्ट के माध्यम से स्वीकार किया जाएगा। जिन विद्यार्थियों को अभी तक मूल अंकसूची प्राप्त नहीं हुई है, वे विश्वविद्यालय द्वारा जारी प्रोविजनल अंकसूची के आधार पर भी परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं।

महाविद्यालयों को दस दिन के भीतर भेजने होंगे आवेदन

विश्वविद्यालय ने विभागाध्यक्षों, संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों और मान्यता प्राप्त परीक्षा केंद्रों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित तिथियों के अनुसार विद्यार्थियों से परीक्षा आवेदन प्राप्त कर अनिवार्य रूप से दस दिनों के भीतर परीक्षा विभाग को भेजना सुनिश्चित करें। आवेदन प्रक्रिया में देरी से बचने के लिए विद्यार्थियों को समय रहते फॉर्म जमा करने की सलाह दी गई है। विश्वविद्यालय ने संबद्ध महाविद्यालयों और मान्यता प्राप्त परीक्षा केंद्रों में परीक्षा आयोजन के लिए न्यूनतम छात्र संख्या भी निर्धारित की है। डिप्लोमा स्तर पर प्रति विषय कम से कम 10 विद्यार्थी तथा स्नातकोत्तर और पीजी डिप्लोमा स्तर पर प्रति विषय कम से कम 5 विद्यार्थियों की अनिवार्यता रखी गई है। परीक्षा आवेदन संबंधी विस्तृत जानकारी, आवश्यक निर्देश और शुल्क का विवरण विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।