तेलीबांधा की पहचान साहू समाज के स्वाभिमान से जुड़ी
तेलीबांधा चौक का नाम बदलने के प्रस्ताव पर साहू समाज ने जताई आपत्ति, मुख्यमंत्री से पुनर्विचार की मांग
खैरागढ़। राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक तेलीबांधा चौक को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा पर जिला साहू संघ खैरागढ़ ने आपत्ति जताई है। संघ के अध्यक्ष टीलेश्वर साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि तेलीबांधा नाम साहू समाज की ऐतिहासिक पहचान, सामाजिक अस्मिता और पुरखों की स्मृतियों से जुड़ा है। यह केवल एक चौक का नाम नहीं, बल्कि लंबे सामाजिक इतिहास की पहचान है, इसलिए इसके मूल नाम में बदलाव का विषय समाज की भावनाओं से सीधे जुड़ा हुआ है।
टीलेश्वर साहू ने कहा कि साहू समाज सरकार के विकास कार्यों और राजधानी के सौंदर्यीकरण का स्वागत करता है, लेकिन विकास के नाम पर किसी समाज की ऐतिहासिक पहचान प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तेलीबांधा चौक का विकास और सौंदर्यीकरण किया जाए, वहां नई सुविधाएं विकसित हों, लेकिन इसके मूल नाम को बरकरार रखा जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री से समाज की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नाम परिवर्तन के निर्णय को वापस लेने अथवा पूरे मामले पर पुनर्विचार करने की मांग की है।




