इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में 19 जनवरी को डॉ. आंबेडकर पर चित्रकला कार्यशाला
खैरागढ़. इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में 19 जनवरी 2026 को डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन, दर्शन और विरासत पर आधारित एक दिवसीय चित्रकला कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। माननीय कुलपति प्रो.(डॉ.) लवली शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला का आयोजन विश्वविद्यालय के चित्रकला विभाग और आंबेडकर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सहयोग से किया जा रहा है। यह आयोजन भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती (14 अप्रैल) को समर्पित एक रचनात्मक पहल के रूप में होगा।
कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों और उभरते कलाकारों को ऐसा मंच देना है, जहाँ वे समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व, शिक्षा, संवैधानिक मूल्य और सामाजिक न्याय जैसे विषयों को दृश्यकला के माध्यम से अभिव्यक्त कर सकें। उद्घाटन समारोह में कुलपति प्रो.(डॉ.) लवली शर्मा मुख्य अतिथि होंगी, जबकि विशेष अतिथि के रूप में रुसेन कुमार (राष्ट्रीय अध्यक्ष, आंबेडकर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री) सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. विकास चंद्रा, सहायक प्राध्यापक, चित्रकला विभाग होंगे।



