गर्ल्स हॉस्टल में गरबा की धूम, छात्राओं ने रंगोली और सजावट से सजाया परिसर
खैरागढ़। राजकुमारी इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के कैंपस-वन स्थित गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं ने 17 अक्टूबर को दरबार हॉल के पास गरबा उत्सव का आयोजन किया। शाम 6 से रात 9 बजे तक चले इस कार्यक्रम में करीब 50 से 60 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन की खास बात यह रही कि छात्राओं ने गरबा से पहले परिसर में आकर्षक रंगोली बनाई और सजावट कर उत्सव का माहौल तैयार किया। देवी पूजन के बाद संगीत की धुनों पर छात्राओं ने पारंपरिक अंदाज में गरबा किया और उत्सव को उल्लासपूर्ण बना दिया।
छात्राओं ने आयोजन की तैयारियों से लेकर सांस्कृतिक गतिविधियों तक में स्वयं भागीदारी निभाई। रंगोली और सजावट ने कार्यक्रम स्थल को आकर्षक रूप दिया, वहीं सामूहिक गरबा ने परिसर में उत्साह और उमंग भर दी। विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक वातावरण के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने पारंपरिक उत्सव को मिल-जुलकर मनाया और अपनी रचनात्मकता व सांस्कृतिक रुचि का परिचय दिया।




