बालोद के दुधली में प्रथम राष्ट्रीय जंबूरी का भव्य शुभारंभ, खैरागढ़ जिले के सैकड़ों स्काउट–गाइड कर रहे प्रतिनिधित्व

बालोद के दुधली में प्रथम राष्ट्रीय जंबूरी का भव्य शुभारंभ, खैरागढ़ जिले के सैकड़ों स्काउट–गाइड कर रहे प्रतिनिधित्व

बालोद. ग्राम दुधली में 9 जनवरी 2026 को प्रथम राष्ट्रीय जंबूरी का भव्य शुभारंभ भारत स्काउट गाइड के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जैन, राष्ट्रीय आयुक्त के.के. खंडेलवाल, छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा एवं राज्यपाल रामेन डेका के आतिथ्य में हुआ। 120 एकड़ में फैले विशाल शिविर परिसर में राष्ट्रगान और ‘अरपा पैरी के धार’ की गूंज के बीच शुरू हुए इस महाकुंभ में देशभर से 4000 से अधिक स्काउट, रोवर और रेंजर शामिल हुए हैं। उद्घाटन अवसर पर 1000 से अधिक छात्र–छात्राओं ने सुआ नृत्य, गेड़ी नृत्य और आदिवासी नृत्य प्रस्तुत कर हजारों दर्शकों का मन मोह लिया।

इस राष्ट्रीय जंबूरी में खैरागढ़–छुईखदान–गंडई जिले से 68 रेंजर, 66 रोवर और 24 प्रभारी शिक्षक भाग ले रहे हैं। प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए स्काउट गाइड छत्तीसगढ़ इकाई के आजीवन सदस्य एवं प्राचार्य डॉ. कमलेश्वर सिंह तथा प्राचार्य सुनील कुमार गुणी ने शिविर स्थल पहुंचकर विद्यार्थियों को प्रेरित किया। जिला सचिव कृष्ण कुमार वर्मा ने जिले के सभी टेंटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी दी। 13 जनवरी तक चलने वाला यह राष्ट्रीय जंबूरी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक आयोजन बन गया है।