पवनतरा में बनेगा 30 लाख का महतारी सदन, विधायक यशोदा वर्मा के प्रयासों से मिली स्वीकृति

पवनतरा में बनेगा 30 लाख का महतारी सदन, विधायक यशोदा वर्मा के प्रयासों से मिली स्वीकृति

महिलाओं को सामुदायिक गतिविधियों के लिए मिलेगी सुविधा, विधायक ने मुख्यमंत्री और पंचायत मंत्री का जताया आभार

खैरागढ़। क्षेत्र की महिलाओं को सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में ग्राम पंचायत पवनतरा को बड़ी सौगात मिली है। महतारी सदन योजना वर्ष 2026-27 के तहत खैरागढ़ विकासखंड के पवनतरा में 30 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा। पंचायत संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी पत्र में निर्माण की अनुशंसा की गई है। इस स्वीकृति को क्षेत्रीय विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा के प्रयासों और अनुशंसा से जोड़कर देखा जा रहा है।

महिलाओं को मिलेगा सुविधाजनक सामुदायिक केंद्र

महतारी सदन बनने से गांव की महिलाओं को विभिन्न सामुदायिक गतिविधियों, बैठकों और आयोजनों के लिए एक सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होने की उम्मीद है। निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत पवनतरा को सौंपी गई है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं के लिए बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और सामुदायिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री और पंचायत मंत्री के प्रति जताया आभार

महतारी सदन की स्वीकृति मिलने पर विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस स्वीकृति को क्षेत्र की महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उम्मीद जताई कि महतारी सदन के निर्माण से उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।