खैरागढ़ में 13 अक्टूबर को जिला स्तरीय रोजगार मेला, 660 से अधिक पदों पर भर्ती का अवसर

खैरागढ़ में 13 अक्टूबर को जिला स्तरीय रोजगार मेला, 660 से अधिक पदों पर भर्ती का अवसर

10वीं से स्नातक तक के युवाओं को मिलेगा मौका, योग्यता के अनुसार 8 से 20 हजार रुपये तक वेतन

खैरागढ़। जिले के बेरोजगार एवं रोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का अवसर मिलने जा रहा है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र द्वारा 13 अक्टूबर 2026, मंगलवार को नगर पालिका सांस्कृतिक भवन, खैरागढ़ में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा, जिसमें विभिन्न निजी कंपनियों एवं संस्थानों द्वारा तकनीकी और गैर-तकनीकी श्रेणियों के 660 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें 10वीं, स्नातक तथा संबंधित तकनीकी योग्यता रखने वाले 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। चयनित उम्मीदवारों को पद और योग्यता के अनुसार 8 हजार से 20 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलने का अवसर रहेगा। रोजगार मेले में फायर एंड सेफ्टी डिजास्टर मैनेजमेंट, पुस्कल एग्रोटेक, स्वतंत्र माइक्रोफिन, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, फाइड दक्ष, ग्लोबल एचआर सॉल्यूशन और स्टार आदर्श होम केयर सर्विस सोसायटी सहित विभिन्न नियोजक भाग लेंगे।

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार पंजीयन तथा रोजगार मेला पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य है। इच्छुक युवा अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों, अन्य आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रति और छायाप्रतियों के साथ निर्धारित तिथि पर पहुंचकर साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं। रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। रिक्त पदों और भर्ती संबंधी विस्तृत जानकारी erojgar.cg.gov.in पोर्टल पर उपलब्ध है। वहीं, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने जिले के उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों से भी अपनी रिक्तियों के साथ मेले में भाग लेने की अपील की है, ताकि स्थानीय युवाओं को जिले में ही रोजगार के अवसर मिल सकें। जिला रोजगार कार्यालय ने पात्र युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।