छुईखदान पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 110 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ 4 कोचिया गिरफ्तार
छुईखदान l जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला केसीजी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना छुईखदान क्षेत्र में आबकारी एक्ट के तहत दो अलग–अलग मामलों में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का परिवहन करते हुए 4 शराब कोचियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 110 लीटर हाथ भट्ठी की कच्ची महुआ शराब और दो मोटरसाइकिल जब्त की है। यह कार्रवाई भेलवाघाट–विक्रमपुर मार्ग स्थित ग्राम बुढानभाठ में मुखबिर की सूचना पर की गई।
पहले मामले में पुलिस ने हिरेन्द्र यादव और खिलेश यादव को 50 लीटर कच्ची महुआ शराब व एक मोटरसाइकिल सहित पकड़ा, जिनके विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। वहीं दूसरे मामले में महेश धुर्वे और उदय धुर्वे को 60 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई। दोनों मामलों में जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 97 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार बीते 15 दिनों में थाना छुईखदान क्षेत्र में आबकारी एक्ट, जुआ और सट्टा के मामलों में लगातार कार्रवाई की गई है। इस दौरान 9 शराब कोचियों, 14 जुआरियों और 2 सटोरियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं, वहीं असामाजिक गतिविधियों की शिकायतों पर 14 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब, जुआ, सट्टा और नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ यह मुहिम आगे भी निरंतर जारी रहेगी।



