सेवा संकल्प अभियान का वीडियो लॉन्च, प्रेरक कहानियों से विद्यार्थियों को मिला सकारात्मक सोच का संदेश

सेवा संकल्प अभियान का वीडियो लॉन्च, प्रेरक कहानियों से विद्यार्थियों को मिला सकारात्मक सोच का संदेश

कैप्टन विक्रम बत्रा से तीजन बाई तक प्रेरक व्यक्तित्वों की संघर्षगाथा डिजिटल माध्यम से प्रस्तुत

खैरागढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा, समर्पण, संघर्ष और सकारात्मक सोच की प्रेरणादायक कहानियों पर आधारित वीडियो का लॉन्च किया गया। वीडियो में विभिन्न क्षेत्रों के प्रेरक व्यक्तित्वों की जीवन यात्रा और संघर्ष को डिजिटल माध्यम से रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया गया, जिसे जिले के सभी विद्यालयों में प्रसारित किया गया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, जिला पंचायत सीईओ प्रेमकुमार पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन एवं कार्यक्रम प्रभारी सहायक संचालक मनोहर लाल चंदेल के निर्देशन में तैयार वीडियो में कु. विप्रांशी पाठक ने परमवीर चक्र सम्मानित कैप्टन विक्रम बत्रा, दूजराम साहू ने संगीतकार रवीन्द्र जैन, संगीता जोशी ने मिसाइल मैन एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, संज्ञा शुक्ला ने वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव तथा डॉ. विभाष कुमार पाठक ने पद्मश्री तीजन बाई के जीवनवृत्त को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विभाष कुमार पाठक ने आकर्षक और शायराना अंदाज में किया।

संघर्ष से सफलता तक की कहानियों ने दिया आगे बढ़ने का संदेश

वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन तक यह संदेश पहुंचाया गया कि संघर्ष, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा ली जा सकती है। वीडियो का प्रसारण प्रज्ञावृत्ति के यू-ट्यूब चैनल के माध्यम से जिले के सभी विद्यालयों में किया गया। पूरे वीडियो का निर्माण एवं संपादन प्रज्ञावृत्ति स्टूडियो, जिला केसीजी द्वारा किया गया, जबकि वीडियो एडिटिंग का कार्य सहायक ग्रेड-2 लेखेश्वर सहारे ने किया। अलग-अलग क्षेत्रों के प्रेरक व्यक्तित्वों की जीवनगाथाओं को डिजिटल प्रस्तुति के जरिए विद्यार्थियों तक पहुंचाने की यह पहल सेवा संकल्प अभियान के संदेश को प्रभावी ढंग से सामने लाती है।