झूला झूलने के विवाद ने ली युवक की जान, अपचारी बालक सहित एक युवक गिरफ्तार 

झूला झूलने के विवाद ने ली युवक की जान, अपचारी बालक सहित एक युवक गिरफ्तार 

खैरागढ़. जिले के ग्राम पिपलाकछार में आयोजित पारंपरिक मंडई मेले की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब झूला झूलने को लेकर हुआ एक मामूली विवाद खूनी हत्याकांड में तब्दील हो गया। सांस्कृतिक और धार्मिक उल्लास से भरे इस आयोजन में अचानक चाकू निकल आया और कुछ ही पलों में एक युवक की जान चली गई। इस सनसनीखेज घटना से पूरे गांव और आसपास के इलाके में भय और आक्रोश फैल गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मेले के दौरान दो पक्षों के बीच झूले को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौच और हाथापाई में बदल गई। इसी बीच विवाद में शामिल एक विधि से संघर्षरत नाबालिग ने ग्राम पिपलाकछार निवासी मोरध्वज पटेल (26 वर्ष), पिता समयलाल पटेल पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में मोरध्वज के पेट में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

घायल मोरध्वज को तुरंत सिविल अस्पताल खैरागढ़ ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मेले स्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की और 16 वर्षीय अपचारी बालक तथा उसके साथी हेमचंद उर्फ हरसू (19 वर्ष), निवासी अमलीडीह को हिरासत में ले लिया। गांव में युवक की मौत से शोक और गुस्से का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने मंडई जैसे आयोजनों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की मांग करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की अपील की है।