ठेलकाडीह भाजपा में गुटबाजी उजागर: युवा मोर्चा सूची पर मचा बवाल

ठेलकाडीह भाजपा में गुटबाजी उजागर: युवा मोर्चा सूची पर मचा बवाल

खैरागढ़. भाजपा संगठन में एकजुटता के दावे भले किए जा रहे हों, लेकिन खैरागढ़ जिले के ठेलकाडीह मंडल में अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा की नई कार्यकारिणी सूची सोशल मीडिया में वायरल होते ही विवाद खड़ा हो गया। मंडल अध्यक्ष भोज बंजारे ने सोशल मीडिया में वायरल दूसरी सूची से अनुभिज्ञता जताई।

भोज बंजारे ने कहा कि सोशल मीडिया में वायरल हुई युवा मोर्चा की सूची के संबंध में उन्हें कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है और इसकी जानकारी उन्हें भी सोशल मीडिया के माध्यम से ही मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके द्वारा जिस सूची को अनुमोदित किया गया था, वह अलग थी। वर्तमान में जो सूची जारी हुई है, उसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है कि यह किसके अनुमोदन से जारी की गई है। इस विषय में वे संगठन स्तर पर चर्चा कर स्थिति स्पष्ट करेंगे।

जिला अध्यक्ष का पलटवार— “मंडल अध्यक्ष झूठ बोल रहे”

वहीं जिला भाजपा अध्यक्ष बिसेसर साहू ने मंडल अध्यक्ष के दावे को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सूची मंडल अध्यक्ष की अनुशंसा से ही जारी की गई है और बिना उनकी जानकारी के ऐसा संभव ही नहीं है। जिला अध्यक्ष के इस बयान ने विवाद को और हवा दे दी है।

युवा मोर्चा अध्यक्ष ने माना— “संशोधित सूची सीधे भेजी”

इधर युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष एवन विश्वकर्मा ने बातचीत में स्वीकार किया कि प्रारंभिक सूची की जानकारी दी गई थी, लेकिन संशोधित सूची सीधे भेज दी गई और मंडल अध्यक्ष से अनुमोदन नहीं लिया गया। इस बयान से संगठन के भीतर समन्वय की कमी साफ उजागर हो गई है।

संगठन में बढ़ी खींचतान 

ठेलकाडीह मंडल में इस तरह की गुटबाजी ने संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर मंडल अध्यक्ष अनुमोदन से इनकार कर रहे हैं, तो दूसरी ओर जिला नेतृत्व इसे सही ठहरा रहा है। ऐसे में आगामी राजनीतिक गतिविधियों के बीच यह विवाद भाजपा के लिए चुनौती बनता नजर आ रहा है।