सिन्हा कलार समाज के ऐतिहासिक सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब

सिन्हा कलार समाज के ऐतिहासिक सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल हुए शामिल, विधायक निधि से सामाजिक भवन के लिए 20 लाख की घोषणा

खैरागढ़। जिले के सिन्हा कलार समाज द्वारा पहली बार आयोजित पारिवारिक मिलन, युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं भूमि पूजन कार्यक्रम ने सामाजिक एकता और संगठन शक्ति का भव्य प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का आयोजन शहर स्थित श्री मंदिर बर्फानी धाम, टिकरापारा में किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने की। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में कलार समाज के प्रदेश अध्यक्ष युवराज सिन्हा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, समाज के संरक्षक दीपक सिन्हा, प्रदेश संरक्षक दीपक सिन्हा तथा पूर्व संसदीय सचिव कोमल जंघेल उपस्थित रहे। सामाजिक जिला गठन के बाद यह पहला बड़ा आयोजन था, जिसमें दिनभर शहर में समाजजनों की भारी मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।

कार्यक्रम की शुरुआत मां शीतला मंदिर प्रांगण से राम मंदिर तक भव्य कलश यात्रा एवं भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की शोभायात्रा के साथ हुई, जिसमें हजारों की संख्या में महिला-पुरुषों ने भाग लेकर सामाजिक एकता का संदेश दिया। अपने बीच समाज के बेटे स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को पाकर समाजजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सामाजिक पदाधिकारियों ने गजमाला पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। अपने उद्बोधन में मंत्री जायसवाल ने प्राचीन कल्चुरी कलार हैहयवंशी राजाओं के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि समाज के पूर्वजों ने दक्षिण कौशल क्षेत्र में लगभग 200 वर्षों तक शासन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य के साथ समाज को भी संगठित होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कलार समाज को प्रगतिशील और संगठित बताते हुए आयोजन की सराहना की तथा मंत्री की अनुशंसा पर विधायक निधि से सामाजिक भवन निर्माण हेतु 20 लाख रुपये की स्वीकृति पर सहमति जताई।

युवक-युवती परिचय सम्मेलन में क्षेत्र सहित बाहर से आए विवाह योग्य युवक-युवतियों ने मंच से परिचय दिया, वहीं समाज के संरक्षक दीपक सिन्हा द्वारा जिला कार्यकारिणी एवं पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का समापन समाज के बच्चों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में जिलाध्यक्ष दीनदयाल सिन्हा, जिला महामंत्री शिवराज सिन्हा, जिला कोषाध्यक्ष भगवती प्रसाद सिन्हा, संरक्षक शिवराम सिन्हा, नरोत्तम सिन्हा, आनंद सिन्हा, बिसौहा सिन्हा, मंडलेश्वर कुंभलाल सिन्हा, दुलेश्वर जायसवाल, सचिव घनश्याम सिन्हा, उदय सिन्हा, कोषाध्यक्ष उदय सिन्हा, जिंकेश सिन्हा, महिला मंच से उमा सिन्हा, सीमा सिन्हा, रेणुका सिन्हा तथा युवा मंच से राजेश सिन्हा, ऋषभ सिन्हा, नागेंद्र सिन्हा, कमलेश सिन्हा, विक्की सिन्हा सहित समस्त ग्राम प्रमुखों एवं क्षेत्राधिकारियों का विशेष योगदान रहा।