नमो ड्रोन दीदी बनकर सावित्री साहू ने बदली अपनी तकदीर, 40 गांवों में 2,100 एकड़ फसल पर किया छिड़काव
खैरागढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम खपरीतेली की सावित्री साहू ग्रामीण महिला आत्मनिर्भरता की मिसाल बनकर उभरी हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के जय भवानी स्व-सहायता समूह से जुड़ी सावित्री ने नमो ड्रोन दीदी पहल के तहत इफको से 15 दिवसीय ड्रोन पायलट प्रशिक्षण प्राप्त किया और आधुनिक कृषि तकनीक को अपनी आजीविका का साधन बनाया। उन्हें इस कार्य के लिए 5 लाख रुपये की ऋण राशि मिली तथा ड्रोन स्प्रेयर मशीन और इलेक्ट्रिक वाहन उपलब्ध कराया गया। इसके माध्यम से वे अब तक करीब 40 गांवों में 2,100 एकड़ फसल पर छिड़काव कर चुकी हैं। प्रति एकड़ 300 रुपये की दर से इस कार्य से उन्हें 6.30 लाख रुपये से अधिक की आय प्राप्त हुई है। सावित्री साहू ने 13 नवंबर 2025 को आकाशवाणी के ‘दीदी के गोठ’ कार्यक्रम में भी अपने अनुभव साझा किए थे। उनकी यह पहल ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई राह दिखाने के साथ किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने में भी मददगार बन रही है।




