जालबांधा सेवा संकल्प शिविर में वृद्धजनों-दिव्यांगजनों को मिले सहायक उपकरण
जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने किया प्रेरित
खैरागढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत 5 अक्टूबर को ग्राम जालबांधा में आयोजित शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। खैरागढ़ जनपद अध्यक्ष डॉ. राजेश्री त्रिपाठी, जनपद उपाध्यक्ष लखन साहू, सभापति शैलेन्द्र मिश्रा, समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक कमलेश कुमार पटेल सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में हितग्राहियों को उपकरण प्रदान किए गए। जालबांधा निवासी राम बंजारे एवं भोथी निवासी आसोदास बंजारे को छड़ी तथा जालबांधा निवासी चैतराम बंजारे को श्रवण यंत्र दिया गया। सहायक उपकरण मिलने से हितग्राहियों को दैनिक जीवन के कार्यों में सुविधा मिलेगी और अपनी जरूरतों को अधिक सहजता से पूरा करने में मदद मिलेगी।
योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभ से जोड़ने पर जोर
शिविर में आम नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने योजनाओं से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया एवं सुविधाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों को संबंधित विभाग से संपर्क करने की अपील की। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के साथ पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन देकर योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।




