करेला में कल कोसरिया यादव समाज का बड़ा आयोजन, मंत्री गजेन्द्र यादव और विधायक हर्षिता बघेल होंगे शामिल

करेला में कल कोसरिया यादव समाज का बड़ा आयोजन, मंत्री गजेन्द्र यादव और विधायक हर्षिता बघेल होंगे शामिल

खैरागढ़। कोसरिया यादव समाज सर्किल मुढ़ीपार द्वारा कल 20 जनवरी को मां भवानी मंदिर करेला के प्रांगण में वार्षिक उत्सव और युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ईश्वर यादव और राजनांदगांव महापौर मधुसूदन यादव करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विक्रांत सिंह, पद्मश्री फूलबासन यादव, मुन्ना यादव, आरती सूर्यकांत यादव और रविन्द्र यादव सहित समाज के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।

आयोजन की शुरुआत सुबह 9 बजे कृष्ण मंदिर से निकलने वाली शोभायात्रा और राउत नाचा के साथ होगी। इसके बाद भगवान कृष्ण की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। दोपहर में सामाजिक चर्चा के साथ ही युवक-युवती परिचय सम्मेलन होगा और प्रतिभावान बच्चे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इस सम्मेलन में छुईखदान, जालबांधा, गंडई, सालोनी और आसपास के कई गांवों के लोग बड़ी संख्या में जुटेंगे। आयोजक समिति के बीरसिंग यादव, धन्नूलाल यादव, लतमार यादव और हीरु यादव ने समाज के सभी लोगों से इस उत्सव में शामिल होने की अपील की है।