शादी की जिद पर अड़ी भिलाई की युवती को प्रेमी ने उतारा मौत के घाट, जलाशय में पत्थर बांधकर फेंकी लाश
खैरागढ़ । खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत हरडुवा जलाशय में बुधवार को हुई अंधी हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर सुलझा ली है। प्रेम संबंध में बाधक बन रही भिलाई की 21 वर्षीय युवती रूपा साहू की उसके प्रेमी आनंद वर्मा ने पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से युवती की कमर में दो गमछों के सहारे भारी पत्थर बांधकर उसे जलाशय के गहरे पानी में फेंक दिया था, ताकि शव ऊपर न आ सके। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पत्थर, खून से सने कपड़े और बाइक बरामद कर ली है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब 26 जनवरी की दोपहर पुलिस को जलाशय के निकासी गेट के पास एक अज्ञात शव तैरने की सूचना मिली। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, जहां पानी में तैर रहे एक कैरी बैग से मृतिका का आधार कार्ड और अस्पताल के पर्चे मिले। इससे मृतिका की पहचान रामनगर मुक्तिधाम सुपेला निवासी रूपा साहू के रूप में हुई। परिजनों से पूछताछ में पता चला कि रूपा का प्रेम संबंध हरडुवा निवासी आनंद वर्मा के साथ था और वह शादी के लिए दबाव बना रही थी। तीन-चार महीने पहले भी वह आनंद के घर आई थी, लेकिन तब उसे मारपीट कर भगा दिया गया था।
पुलिस ने संदेह के आधार पर जब आनंद वर्मा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह रूपा से पीछा छुड़ाना चाहता था, इसलिए रविवार को जब वह दोबारा शादी की बात करने आई तो वह उसे बहला-फुसाकर अपनी बाइक पर बैठाकर जलाशय के पास ले गया। वहां विवाद होने पर उसने पास पड़े बड़े पत्थर से रूपा के सिर पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस सराहनीय और त्वरित कार्यवाही के लिए राजनांदगांव आईजी ने ठेलकाडीह पुलिस और साइबर सेल की टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।



