131 दिन बाद जारी हुआ कार्यमुक्त आदेश: खैरागढ़ नगर पालिका से उप अभियंता शाहबाज अहमद की आखिरकार रिलीविंग

131 दिन बाद जारी हुआ कार्यमुक्त आदेश: खैरागढ़ नगर पालिका से उप अभियंता शाहबाज अहमद की आखिरकार रिलीविंग

खैरागढ़. लगातार सवालों, शासनादेशों और मीडिया में उठे मामले के बाद आखिरकार खैरागढ़ नगर पालिका ने उप अभियंता शाहबाज अहमद को कार्यमुक्त कर दिया है। छत्तीसगढ़ शासन नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के 18 सितंबर 2025 के स्थानांतरण आदेश के लगभग 131 दिन बाद नगर पालिका परिषद खैरागढ़ ने दिनांक 22 जनवरी 2026 को कार्यमुक्त आदेश जारी किया।

जारी आदेश के अनुसार उप अभियंता शाहबाज अहमद का स्थानांतरण नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा, जिला बालोद के लिए किया गया था। नगर पालिका खैरागढ़ द्वारा जारी कार्यमुक्त आदेश में उल्लेख है कि उन्हें दिनांक 27 जनवरी 2026 को अपरान्ह में कार्यभार ग्रहण करने हेतु कार्यमुक्त किया जाता है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले तक नगर पालिका प्रशासन द्वारा रिलीव आदेश को विभिन्न प्रशासनिक कारणों का हवाला देकर टाला जा रहा था।

यह वही मामला है जिसमें एक अन्य उप अभियंता दीपाली तम्बोली को पहले ही रिलीव कर दिया गया था, जबकि शाहबाज अहमद को लंबे समय तक कार्यमुक्त नहीं किया गया। दोनों अधिकारियों का स्थानांतरण एक ही आदेश के तहत हुआ था, लेकिन रिलीव प्रक्रिया में असमानता ने नगर पालिका प्रशासन को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया था।

मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई थी क्योंकि 07 जनवरी 2026 को छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने स्पष्ट निर्देश जारी किए थे कि स्थानांतरण आदेशों का समय-सीमा में पालन सुनिश्चित किया जाए। आदेश में यह भी कहा गया था कि निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने की स्थिति में वेतन भुगतान रोका जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिसके बाद आखिरकार कार्यमुक्त आदेश जारी किया गया है।