रिपा प्रोजेक्ट से 3.90 लाख की मोटर चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग हिरासत में

रिपा प्रोजेक्ट से 3.90 लाख की मोटर चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग हिरासत में

खैरागढ़. छुईखदान पुलिस ने रिपा प्रोजेक्ट से मोटर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। प्रार्थी संदीप वैष्णव की शिकायत पर दर्ज मामले में बताया गया था कि ग्राम गोपालपुर स्थित कचरा संग्रहण केंद्र से 9 मोटर और एक बोर मोटर (कुल कीमत करीब 3.90 लाख रुपए) को 26-27 मार्च की रात अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर चोरी कर लिया था। मामले में थाना छुईखदान में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

बाइक-स्कूटी से पहुंचे, कटर मशीन से काटकर बेचा माल

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मोटरसाइकिल और स्कूटी से रात में मौके पर पहुंचे और औजारों की मदद से मोटर खोलकर कटर मशीन से काट दिए। बाद में चोरी का सामान कबाड़ियों को बेच दिया गया। आरोपियों ने माल को नासिर उर्फ कब्बु को 2 हजार और रामसुफल को 4 हजार रुपए में बेचकर रकम आपस में बांट ली। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोटर के हिस्से, तांबा, वाहन, नगद रकम और घटना में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।

ये आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

पुलिस ने इस मामले में रवि निषाद (19), रामसुफल निषाद (45) और नासिर खान उर्फ कब्बु (50) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं इस वारदात में शामिल तीन नाबालिगों को किशोर न्यायालय राजनांदगांव में प्रस्तुत किया गया है।

कबाड़ियों तक पहुंची चोरी की चेन, पुलिस की सख्त चेतावनी

जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि चोरी का माल स्थानीय कबाड़ियों तक पहुंचाया जा रहा था। पुलिस ने इस तरह के मामलों में संलिप्त लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि चोरी का सामान खरीदने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।