सालेवारा की अवैध आइस फैक्ट्री पर छापा, 5000 चोकोबार और 3000 कैंडी जब्त व नष्ट

सालेवारा की अवैध आइस फैक्ट्री पर छापा, 5000 चोकोबार और 3000 कैंडी जब्त व नष्ट

खैरागढ़। गर्मी की दस्तक के साथ ही जिले में मिलावटी और अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। कलेक्टर चंद्रवाल के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शुक्रवार को सालेवारा स्थित 'नर्मदा आइस फैक्ट्री' पर छापामार कार्रवाई की। बिना लाइसेंस के संचालित इस फैक्ट्री में भारी अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद टीम ने करीब 1 लाख रुपये की सामग्री सीज की है।

बिना डेट और बैच नंबर के बन रही थी आइसक्रीम अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में तैयार किए जा रहे 5000 पैकेट चोकोबार, पैकेजिंग मटेरियल और आइसक्रीम कोन को 3 फ्रीजर सहित सीज कर दिया गया। इन पैकेटों पर न तो निर्माण तिथि थी और न ही एक्सपायरी डेट। मौके पर मिली करीब 3000 ऑरेंज कैंडी को असुरक्षित मानकर तुरंत नष्ट कराया गया।

सैंपल लैब भेजे, फैक्ट्री संचालन पर रोक टीम ने मौके से राजश्री क्रीम मैजिक व्हाइट कस्टर्ड पाउडर का विधिक नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने बताया कि बिना लाइसेंस और मानकों का पालन किए फैक्ट्री के संचालन पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि ग्रीष्म ऋतु में ठंडे पेय पदार्थों और आइस कैंडी के विनिर्माताओं पर ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।