त्योहारों से पहले पुलिस का एक्शन, गुंडे-बदमाशों को थाने बुलाकर दी सख्त हिदायत

त्योहारों से पहले पुलिस का एक्शन, गुंडे-बदमाशों को थाने बुलाकर दी सख्त हिदायत

खैरागढ़. आगामी त्योहारों और सार्वजनिक उत्सवों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए केसीजी पुलिस ने असामाजिक तत्वों और आदतन अपराधियों पर निगरानी बढ़ा दी है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुंडा, निगरानी बदमाश और आदतन अपराधियों को थाने बुलाकर सख्त समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान विवाद, मारपीट, उपद्रव या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को ऐसे लोगों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा आवश्यकता के अनुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। थाने पहुंचे बदमाशों को पूर्व आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान किसी भी तरह के विवाद या असामाजिक गतिविधि में शामिल नहीं होने की हिदायत दी गई। पुलिस ने उन्हें कानून का पालन करते हुए जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार करने की समझाइश भी दी।

चौक-चौराहों से लेकर आयोजन स्थलों तक निगरानी

त्योहारों के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और आयोजन स्थलों पर पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। निगरानी बदमाशों और आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि यदि कोई व्यक्ति कानून-व्यवस्था प्रभावित करते, उपद्रव करते या किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने जिलेवासियों से त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को देने कहा गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।