छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ खैरागढ़ ब्लॉक की बैठक में शिक्षकों की समस्याओं पर मंथन, आंदोलनात्मक रणनीति पर सहमति
खैरागढ़. छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ की ब्लॉक इकाई खैरागढ़ की आवश्यक बैठक 28 जनवरी 2026 को आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के शिक्षकों से जुड़ी प्रमुख और लंबे समय से लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए संगठित और ठोस रणनीति बनाने पर सहमति बनी।
बैठक में प्रमुख रूप से प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर समस्त वैधानिक लाभ प्रदान करने, स्थानांतरित शिक्षकों को प्रथम नियुक्ति तिथि के आधार पर वरिष्ठता दिए जाने, सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने, वीएसके ऐप के माध्यम से लागू ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था को बंद करने, प्रथम नियुक्ति तिथि के आधार पर पुरानी पेंशन योजना की गणना करने तथा सर्विस बुक के समुचित संधारण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि उक्त मांगें पूरी तरह से न्यायसंगत हैं और इन पर शीघ्र निर्णय लिया जाना आवश्यक है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन के विस्तार को और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा शिक्षकों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।
बैठक में यह सहमति बनी कि शीघ्र ही संघ का प्रतिनिधिमंडल जिला एवं विकासखंड स्तर पर ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की मांगों से प्रशासन को अवगत कराएगा।
बैठक में प्रमुख रूप से डॉ. कमलेश्वर सिंह, यशपाल वर्मा, राजू यादव, छत्रपाल सिंह परिहार, अजय राजपूत एवं अशोक जंघेल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।



