वार्ड 03 में ओबीसी आरक्षण के बाद बढ़ी राजनीतिक हलचल, मनोज यादव की दावेदारी की चर्चा

वार्ड 03 में ओबीसी आरक्षण के बाद बढ़ी राजनीतिक हलचल, मनोज यादव की दावेदारी की चर्चा

खैरागढ़। आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर शहर की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। वार्ड पार्षदों के साथ नगर पालिका अध्यक्ष पद के आरक्षण की घोषणा के बाद विभिन्न वार्डों में संभावित प्रत्याशियों के नामों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 03 गंजीपारा में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण होने के बाद पूर्व पार्षद मनोज यादव का नाम संभावित दावेदार के रूप में चर्चा में है। मनोज यादव पूर्व में वार्ड क्रमांक 03 से पार्षद रह चुके हैं। उनके समर्थकों के अनुसार वार्ड में पार्षद के रूप में काम करने का अनुभव और लंबे समय से संगठन में सक्रियता उनकी दावेदारी को मजबूती प्रदान करती है। यादव के अनुसार वे करीब 20 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में संगठन में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने वार्ड क्रमांक 03 में करीब 10 वर्षों तक बूथ अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभाई है।  वार्ड में यादव समाज की अच्छी संख्या होने और वर्तमान में गंजीपारा यादव समाज के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के कारण भी उनकी दावेदारी को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा बनी हुई है।

शिक्षा और संगठन का अनुभव भी आधार

मनोज यादव की शैक्षणिक योग्यता में एमए अंतिम वर्ष (संस्कृत), हिंदी, बीएड और पीजीडीसीए (कंप्यूटर) शामिल हैं। इसके अलावा वे वार्ड क्रमांक 03 से पार्षद के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वर्तमान में वे यादव समाज, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के जिला युवा अध्यक्ष के पद पर भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। आरक्षण के बाद वार्ड क्रमांक 03 में राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पूर्व पार्षद का अनुभव, संगठन में लंबे समय से सक्रियता, सामाजिक भूमिका और शैक्षणिक योग्यता को देखते हुए मनोज यादव की संभावित दावेदारी पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों की नजर बनी हुई है। हालांकि अंतिम प्रत्याशी का निर्णय पार्टी संगठन स्तर पर लिए जाने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट होगी। फिलहाल ओबीसी आरक्षण के बाद वार्ड क्रमांक 03 में संभावित दावेदारों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती नजर आ रही है।