भीड़भाड़ वाले चौराहे पर शिक्षिका और दो बच्चियों को रौंदने वाला चालक गिरफ्तार
शराब के नशे में तेज रफ्तार से वाहन चलाने का आरोप, शिक्षिका की मौत; दोनों बच्चियां गंभीर घायल
खैरागढ़. ठेलकाडीह में शिक्षिका और दो स्कूली बच्चियों को टक्कर मारने वाले इको वैन चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर की शाम करीब 4 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद दुगेश्वरी विश्वकर्मा और देवकी विश्वकर्मा अपनी शिक्षिका श्रीमती किरण तिवारी के साथ बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान डुमरीडीहकला की ओर से आ रही इको वैन क्रमांक CG 07 CJ 3862 के चालक डोमेश्वर उर्फ दादू यादव ने कथित तौर पर शराब के नशे में तेज गति से वाहन चलाते हुए तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण शिक्षिका किरण तिवारी की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनका उपचार अस्पताल में जारी है।
पुलिस के मुताबिक घटना की गंभीरता को देखते हुए ठेलकाडीह पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हादसे में शामिल इको वैन को जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी चालक डोमेश्वर उर्फ दादू यादव (30), पिता नंदकुमार, निवासी वार्ड क्रमांक 3 मठपारा गया नगर, थाना कोतवाली, जिला दुर्ग को 7 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने भीड़भाड़ वाले स्थान को जानते-देखते हुए शराब के नशे में तेज रफ्तार से वाहन चलाया, जिसके कारण यह गंभीर हादसा हुआ।
आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 और 110 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं घायल दोनों बच्चियों के उपचार पर परिजनों और स्थानीय लोगों की नजर बनी हुई है।




