7 अक्टूबर को छुईखदान में संत समागम, 35 से 40 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

7 अक्टूबर को छुईखदान में संत समागम, 35 से 40 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

जिला प्रेस क्लब में एसकेडीवी मिशन की प्रेस वार्ता, शोभायात्रा और सात्विक चौका आरती के साथ होगा आयोजन

खैरागढ़. मंगलवार को जिला प्रेस क्लब भवन में एसकेडीवी मिशन (सद्गुरु कबीर धर्मदास वंशावली) के राष्ट्रीय प्रतिनिधि सी.डी. वर्मा के नेतृत्व में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य प्रतिनिधि डीकेडीवी मिशन महंत आरती दास, जिला प्रतिनिधि देवकरण दास वर्मा एवं घम्मन साहू ने 7 अक्टूबर को छुईखदान के केकतीबाड़ी मैदान में आयोजित होने वाले पंथ श्री हुजूर उदित मुनिनाम साहेब के संत समागम की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी। आयोजन समिति के अनुसार संत समागम में करीब 35 से 40 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

गांव-गांव से जुट रहे अनुयायी, व्यवस्थाओं को अंतिम रूप

संत समागम को लेकर कबीरपंथी समाज और आयोजन समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जिला, तहसील एवं ग्रामीण स्तर के प्रतिनिधि आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। दामाखेड़ा के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए मंच, संत आवास, भोजन, पेयजल, विद्युत, पार्किंग और वालंटियर व्यवस्था के लिए अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं। प्रत्येक समिति को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कई जिलों से पहुंचेंगे श्रद्धालु, अन्य राज्यों से भी आने की संभावना

आयोजन समिति के अनुसार खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के अलावा राजनांदगांव, कवर्धा, बेमेतरा और दुर्ग सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। अन्य राज्यों से भी कबीरपंथी अनुयायियों के आने की संभावना जताई गई है। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए पार्किंग, पेयजल, भोजन, बिजली, आवास एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए समिति की लगातार बैठकें भी हो रही हैं।

धमधा से छुईखदान तक होगा स्वागत, बाइक रैली से अभिनंदन

प्रेस वार्ता में बताया गया कि पंथ श्री हुजूर उदित मुनिनाम साहेब धमधा की ओर से जोरातराई, बाजार अतरिया होते हुए खैरागढ़ और फिर छुईखदान पहुंचेंगे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर अनुयायियों एवं समाजजनों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। छुईखदान पहुंचने पर बाइक रैली के साथ साहेब का स्वागत किया जाएगा। संत समागम के दौरान शोभायात्रा और सात्विक चौका आरती सहित विभिन्न आयोजन होंगे। समिति के अनुसार साहेब दोपहर करीब 12 बजे छुईखदान पहुंचेंगे। आयोजन समिति द्वारा बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।