धान खरीदी में सख्ती: ठाकुरटोला केंद्र प्रभारी निलंबित, श्यामपुर में 60 क्विंटल धान कम मिलने पर कार्रवाई

धान खरीदी में सख्ती: ठाकुरटोला केंद्र प्रभारी निलंबित, श्यामपुर में 60 क्विंटल धान कम मिलने पर कार्रवाई

खैरागढ़. जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और नियमबद्ध बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए दो केंद्रों पर बड़ी कार्रवाई की है। विकासखंड छुईखदान के ठाकुरटोला धान खरीदी केंद्र में अनियमितताओं की शिकायत पर 14 जनवरी को डिप्टी कलेक्टर सुश्री रेणुका रात्रे, खाद्य अधिकारी भुवनेश्वर चेलक, सहायक आयुक्त सहकारिता आर.के. झा और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी आलोक शर्मा की संयुक्त टीम ने आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच में कुछ बोरियों में मानक से अधिक और कुछ में कम वजन पाए जाने पर उपार्जन प्रभारी गौतरीहा साहू की गंभीर लापरवाही सामने आई, जिस पर 15 जनवरी से उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

इसी कड़ी में श्यामपुर धान खरीदी केंद्र में दूसरे और तीसरे टोकन का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें ग्राम खुरमुड़ी निवासी किसान त्रिलोक चंदेल के टोकन के मुकाबले 60 क्विंटल धान कम पाया गया। निरीक्षण दल ने केंद्र प्रभारी को निर्देश दिया कि 16 जनवरी को केवल उपलब्ध 116.80 क्विंटल धान की ही खरीदी की जाए और किसान को भी स्पष्ट चेतावनी दी गई कि केवल स्वयं की उपज ही समर्थन मूल्य पर बेची जाए। जिला प्रशासन ने सभी उपार्जन केंद्रों को दूसरे-तीसरे टोकन का अनिवार्य भौतिक सत्यापन कर वास्तविक मात्रा पर ही खरीदी करने के निर्देश देते हुए साफ कर दिया है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।