खैरागढ़ में शिक्षा और मनोविकास पर विशेष सेमिनार, 23 जनवरी को सावित्रीबाई फुले स्मृति आयोजन

खैरागढ़ में शिक्षा और मनोविकास पर विशेष सेमिनार, 23 जनवरी को सावित्रीबाई फुले स्मृति आयोजन

खैरागढ़. प्रथम शिक्षिका क्रांति-ज्योति सावित्रीबाई फुले की स्मृति में 23 जनवरी, शुक्रवार को खैरागढ़ में शिक्षा और मनोविकास के विभिन्न आयामों पर आधारित भव्य सेमिनार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय सभागार, कैम्पस–2 (कलेक्टोरेट के सामने) में होगा। आयोजन शैक्षिक प्रगतिशील मंच एवं देश की बात फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और जीवन संतुलन जैसे विषयों पर समाज में जागरूकता फैलाना है।

इस विशेष सेमिनार में जीवन का दबाव, प्रेम, स्वास्थ्य, सफलता, शिक्षा और समकालीन चुनौतियों पर संवादात्मक सत्र और प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जाएगा, ताकि युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को अपने वर्तमान को सरल, संतुलित और आनंदपूर्ण बनाने की व्यवहारिक विधियाँ मिल सकें। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा, कलेक्टर इंद्रजीत एस. चंद्रवाल, डीएफओ पंकज राजपूत, जिला पंचायत सीईओ प्रेमकुमार पटेल तथा एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू जैसे विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे।

मुख्य वक्ता के रूप में मनोचिकित्सक संघ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद गुप्ता तथा डॉ. एम. एस. भदौरिया अपने विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम का संचालन राज्य कर अधिकारी पूनम सुरेखा गोपाल तथा सह-संचालन अकादमिक एक्टिविस्ट विप्लव साहू करेंगे, जबकि संयोजन नीलेश कुमार द्वारा किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन डिजिटल भागदौड़ से अलग सुकून, सरोकार और नई दिशा देने वाला एक सार्थक प्रयास होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।