पंचायत प्रतिनिधियों की कार्यशाला में तंबाकू मुक्त, टीबी मुक्त व अनेमिया मुक्त ग्राम पंचायत पर दिया गया विशेष जोर

पंचायत प्रतिनिधियों की कार्यशाला में तंबाकू मुक्त, टीबी मुक्त व अनेमिया मुक्त ग्राम पंचायत पर दिया गया विशेष जोर

खैरागढ़. पंचायतों को स्वास्थ्य जागरूकता का मजबूत केंद्र बनाने की दिशा में जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला पंचायत संसाधन केंद्र देवरीभाट में पंचायत प्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला में खैरागढ़ व छुईखदान विकासखंड के करीब 100 सरपंच, उपसरपंच और पंचायत सचिवों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण में तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत, टीबी मुक्त ग्राम पंचायत, अनेमिया मुक्त भारत अभियान, कुष्ठ रोग व फाइलेरिया जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यशाला में जिला नोडल अधिकारी डॉ. अनम फातिमा ने तंबाकू नियंत्रण कानून, सार्वजनिक स्थलों पर निषेध बोर्ड लगाने और गांव स्तर पर जागरूकता अभियानों की भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही टीबी उन्मूलन में पंचायतों की भागीदारी, स्कूलों में बच्चों को आयरन की ब्लू व पिंक गोलियों के नियमित सेवन तथा आयरन युक्त आहार के प्रचार पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा, डीपीएम सोनल ध्रुव सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम के सहयोग से संपन्न इस कार्यशाला में पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने गांवों को स्वस्थ, तंबाकू मुक्त और टीबी मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।