देवारीभाट में कबड्डी का महाकुंभ, 17 जनवरी को एक दिवसीय रोमांचक प्रतियोगिता

देवारीभाट में कबड्डी का महाकुंभ, 17 जनवरी को एक दिवसीय रोमांचक प्रतियोगिता

खैरागढ़. ग्राम देवारीभाट में खेल प्रेमियों के लिए जबरदस्त रोमांच का मंच सजने जा रहा है। आयुष्मान कबड्डी क्लब एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में 17 जनवरी, शनिवार को शाम 5 बजे से एक दिवसीय भव्य कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। खैरागढ़ से लगभग 2 किलोमीटर दूर जालबांधा रोड पर स्थित देवारीभाट में होने वाली इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की दिग्गज टीमें अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रति टीम प्रवेश शुल्क 200 रुपये रखा गया है, जबकि खिलाड़ियों के लिए वजन सीमा भी तय की गई है, जिससे मुकाबले और अधिक रोमांचक बनेंगे।

प्रतियोगिता के पुरस्कारों ने खिलाड़ियों में खासा उत्साह भर दिया है। प्रथम पुरस्कार 5001 रुपये रखा गया है, जिसमें ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों का विशेष सहयोग शामिल है। द्वितीय पुरस्कार 3001 रुपये अक्षत होंडा खैरागढ़ के आशिष सिंह द्वारा, तृतीय पुरस्कार 2001 रुपये अधिवक्ता मुनेश्वर वर्मा द्वारा तथा चतुर्थ पुरस्कार 1001 रुपये छात्र नेता हर्ष वर्मा द्वारा प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा बेस्ट रेडर, बेस्ट डिफेंडर, बेस्ट बल्कर और बेस्ट ऑलराउंडर जैसे विशेष पुरस्कार भी रखे गए हैं। उद्घाटन एवं समापन समारोह में आशिष सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी और गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। आयोजन समिति ने खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर इस ग्रामीण खेल महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।