यशोदा वर्मा की पहल से खैरागढ़ विधानसभा को बड़ी सौगात, 46.63 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मिली स्वीकृति

यशोदा वर्मा की पहल से खैरागढ़ विधानसभा को बड़ी सौगात, 46.63 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मिली स्वीकृति

खैरागढ़. विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा के सतत प्रयासों से खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र को वर्ष 2025–26 के बजट में शामिल 46.63 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। इससे क्षेत्र के सड़क, पुल-पुलिया और आवागमन से जुड़े बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। इस मंजूरी को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से लंबित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को अब हरी झंडी मिल गई है।

प्रशासकीय स्वीकृति के तहत सड़क सुधार एवं सुरक्षा उपायों के लिए 163.04 लाख रुपये, आईटीआई खैरागढ़ पहुंच मार्ग के लिए 158.41 लाख रुपये, राजनांदगांव–कवर्धा मार्ग पर दो उच्चस्तरीय पुलों के लिए 781.62 लाख रुपये, राजनांदगांव–कवर्धा–पोंड़ी मार्ग के चौड़ीकरण व मजबूतीकरण के लिए 1586.22 लाख रुपये, करमतरा–घुमर्रा मार्ग के लिए 375.08 लाख रुपये, सुरदी और कर्रा नालों पर पुल निर्माण के लिए 724.88 लाख रुपये, खैरागढ़–अकरजन मार्ग पर मोती नाला पुल के लिए 686.56 लाख रुपये तथा जंक्शन सुधार व क्रैश बेरियर लगाने के लिए 187.22 लाख रुपये की मंजूरी शामिल है। इन कार्यों से सड़क सुरक्षा बढ़ेगी, आवागमन सुगम होगा और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों का सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा।

विधायक यशोदा वर्मा ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आधारभूत संरचना का सुदृढ़ होना आवश्यक है और यही उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार का आभार जताते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से खैरागढ़ विधानसभा की तस्वीर बदलेगी। क्षेत्रवासियों ने भी इन स्वीकृतियों का स्वागत करते हुए विधायक वर्मा के प्रयासों की सराहना की और कहा कि आने वाले समय में सड़क व पुलों के निर्माण से क्षेत्र को नई गति मिलेगी।