केसीजी जिले में कबड्डी का फीवर: बांध नवागांव में 18 जनवरी को रात में जुटेंगे दिग्गज खिलाड़ी, तैयारी पूरी
खैरागढ़। जिले के ग्राम बांध नवागांव में आगामी 18 जनवरी को खेल और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। सूर्योदय मण्डल और समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली एक दिवसीय रात्रिकालीन कबड्डी प्रतियोगिता की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। मड़ई मेला महोत्सव के अवसर पर आयोजित इस महाकुंभ में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) जिले सहित आसपास के क्षेत्रों की दिग्गज टीमें अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन करेंगी। इस आयोजन के लिए जिला प्रशासन से विधिवत अनुमति प्राप्त कर ली गई है, जिससे खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
प्रतियोगिता के पुरस्कारों ने खिलाड़ियों के बीच रोमांच बढ़ा दिया है। फाइनल जीतने वाली टीम को 15 हजार रुपए और विजेता कप से सम्मानित किया जाएगा, जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 10 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसी तरह तृतीय और चतुर्थ स्थान पाने वाली टीमों को क्रमश: 7 हजार और 5 हजार रुपए के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। व्यक्तिगत प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए बेस्ट रेडर, बेस्ट कैचर और बेस्ट ऑलराउंडर को टेबल पंखा और नगद राशि प्रदान की जाएगी।
अनुशासन और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए आयोजकों ने सख्त नियम लागू किए हैं। मैच मैट पर खेले जाएंगे और वजन को लेकर विशेष मापदंड तय किए गए हैं। टीम के तीन खिलाड़ियों का वजन 58 किलो और चार खिलाड़ियों का वजन 55 किलो से अधिक नहीं होना चाहिए। आयोजन समिति के अध्यक्ष सोनसिंग मंडावी और सचिव प्रीतम वर्मा ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए भोजन की भी उचित व्यवस्था की गई है।



