इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में 22 दिसंबर को होगा एल्यूमनी मीट, आयोजन की जिम्मेदारी डॉ. लिकेश्वर वर्मा को
खैरागढ़। राजकुमारी इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ में आगामी 22 दिसंबर 2026 को एल्यूमनी मीट (पूर्व विद्यार्थी मिलन समारोह) का आयोजन किया जाएगा। विश्वविद्यालय की कुलपति की अध्यक्षता में 13 मई 2026 को आयोजित समस्त शिक्षकों की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार इस आयोजन की तैयारी शुरू करने का निर्णय लिया गया है। विश्वविद्यालय सचिवालय द्वारा 14 मई 2026 को जारी सूचना में कार्यक्रम के आयोजन से संबंधित समस्त कार्यों के लिए गायन विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. लिकेश्वर कुमार वर्मा को संयोजक मनोनीत किया गया है। इस आयोजन के माध्यम से विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों को एक मंच पर जोड़ने की पहल की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने संयोजक डॉ. लिकेश्वर कुमार वर्मा को कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर कुलपति के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत आयोजन की रूपरेखा और उससे संबंधित आवश्यक तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा। सूचना की प्रतिलिपि समस्त अधिष्ठाताओं, वित्त अधिकारी, कंप्यूटर शाखा के प्रभारी तथा कुलपति सचिवालय को भी आवश्यक सूचना एवं कार्रवाई के लिए प्रेषित की गई है। एल्यूमनी मीट के आयोजन से विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों और वर्तमान शैक्षणिक गतिविधियों के बीच संवाद एवं जुड़ाव को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, कार्यक्रम का विस्तृत स्वरूप, आयोजन स्थल और अन्य गतिविधियों की जानकारी अभी जारी सूचना में उल्लेखित नहीं है।




