केसीजी पुलिस का सड़क सुरक्षा अभियान, नाबालिगों को वाहन न देने की अपील
खैरागढ़। जिला केसीजी में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान छेड़ दिया है। सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत यातायात पुलिस ने जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर सघन चेकिंग के साथ-साथ समझाइश कार्यक्रम चलाया। इस दौरान पुलिस की टीम ने न केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों को टोका, बल्कि ईमानदारी से नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को प्रोत्साहित भी किया। विशेष रूप से भारी और छोटे वाहनों में रेडियम पट्टी लगाई गई ताकि रात के अंधेरे में होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

अभियान के दौरान यातायात अमले ने वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता के प्रति जागरूक किया। साथ ही बिना लाइसेंस वाहन न चलाने, शराब पीकर ड्राइविंग न करने और मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाने की सख्त हिदायत दी। पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को किसी भी सूरत में वाहन चलाने न दें। इसके अलावा 1 अप्रैल 2019 के पूर्व के वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) लगवाने और सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वाले 'गुड सेमेरिटन' (नेक व्यक्ति) योजना के बारे में भी जानकारी साझा की गई। पुलिस अब जिले के उन ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना जन्य क्षेत्रों का भी निरीक्षण कर रही है, जहां बार-बार हादसे होते हैं, ताकि सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।



