धान के अवैध परिवहन पर 'कड़ा पहरा', गातापार चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण

धान के अवैध परिवहन पर 'कड़ा पहरा', गातापार चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण

खैरागढ़ खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान खरीदी कार्य को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आज गातापार जंगल स्थित अंतर्राज्यीय जांच चौकी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सीमा पर तैनात अमले को स्पष्ट निर्देश दिए कि पड़ोसी राज्यों से होने वाले धान के अवैध परिवहन को हर हाल में रोका जाए। कलेक्टर ने चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच प्रक्रिया और वहां रखे रिकॉर्ड का बारीकी से मिलान किया ताकि निगरानी व्यवस्था में कोई चूक न रहे।

कलेक्टर चन्द्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की मंशा किसानों के हितों की रक्षा करना है और इसके लिए जरूरी है कि बिचौलियों या बाहरी धान पर सख्त लगाम कसी जाए। उन्होंने सघन जांच और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया ताकि धान खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहे। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर सुश्री रेणुका रात्रे और प्रभारी खाद्य अधिकारी भुनेश्वर चेलक सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।