15वें वित्त की राशि जारी, जनपद पंचायत खैरागढ़ को मिली राहत
खैरागढ़. लंबे समय से लंबित 15वें वित्त आयोग की राशि आखिरकार जारी हो गई है, जिससे जनपद पंचायत खैरागढ़ को लाखों रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई है। इस राशि के जारी होते ही जनपद पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए नई उम्मीद जगी है।
इस अवसर पर जनपद पंचायत खैरागढ़ की अध्यक्ष राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी ने छत्तीसगढ़ सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन द्वारा जनपद पंचायत की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 15वें वित्त की राशि जारी की गई है, जो क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार की संवेदनशीलता और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पंचायतों को मजबूती मिल रही है।
राजेश्री त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि इस चरण में 15वें वित्त की राशि केवल जनपद पंचायत खैरागढ़ को ही प्राप्त हुई है, ग्राम पंचायतों या अन्य निकायों को अभी कोई आवंटन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि यह राशि जनपद क्षेत्र में अधूरे विकास कार्यों को गति देने में अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने बताया कि वित्तीय संसाधनों की कमी के कारण कई आवश्यक कार्य रुके हुए थे उसको प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
जनपद अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में किया जा रहा यह प्रयास ग्रामीण विकास को नई गति देगा। 15वें वित्त की राशि से जनपद पंचायत खैरागढ़ को न केवल आर्थिक मजबूती मिलेगी, बल्कि आम जनता को भी विकास का प्रत्यक्ष लाभ दिखाई देगा।



