गणतंत्र दिवस पर विशाल रक्तदान शिविर 26 को: ठेलकाडीह के गुरु घासीदास भवन में जुटेंगे रक्तदानी, मानवता की सेवा का संकल्प
खैरागढ़। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर ग्राम ठेलकाडीह में 'रक्तदान महादान' के संकल्प के साथ एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन होने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय मानव अधिकार सामाजिक न्याय संगठन छत्तीसगढ़ और सतनाम ब्लड डोनेशन फाउंडेशन राजनांदगांव के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह शिविर सोमवार, 26 जनवरी 2026 को गुरु घासीदास सांस्कृतिक भवन ठेलकाडीह में संपन्न होगा। इस आयोजन की सबसे विशेष बात यह है कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजकों द्वारा प्रत्येक रक्तदाता को उपहार स्वरूप एक हेलमेट प्रदान किया जाएगा। यह शिविर सुबह 10:00 बजे से शुरू होकर शाम 05:00 बजे तक चलेगा, जिसमें समस्त ग्रामवासियों और ग्राम पंचायत ठेलकाडीह का विशेष सहयोग रहेगा।
आयोजन समिति के सदस्य संजय कुर्रे, लंकेश जंघेल, टिकेश वर्मा और माही जंघेल सहित अन्य पदाधिकारियों ने समाज के सभी वर्गों, राष्ट्र प्रेमियों और युवाओं से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उनका कहना है कि रक्तदान न केवल जीवन बचाने का माध्यम है, बल्कि यह राष्ट्र सेवा का भी एक रूप है। शिविर के सफल संचालन के लिए आनंद चोपड़ा और रानी राजलक्ष्मी तिवारी सहित पूरी टीम तैयारियों में जुटी हुई है। क्षेत्र के सभी इच्छुक रक्तदानी निर्धारित समय पर पहुँचकर इस महादान का हिस्सा बन सकते हैं और समाज सेवा के साथ-साथ अपनी सुरक्षा का कवच भी प्राप्त कर सकते
हैं।



