दिलीपपुर में पहली बार ऐतिहासिक रक्तदान शिविर, गांव बनेगा मानवता और सेवा का केंद्र

दिलीपपुर में पहली बार ऐतिहासिक रक्तदान शिविर, गांव बनेगा मानवता और सेवा का केंद्र

खैरागढ़. जनपद पंचायत खैरागढ़ अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत दिलीपपुर में 11 जनवरी, रविवार को एक ऐसा आयोजन होने जा रहा है, जो गांव के इतिहास में पहली बार मानव सेवा की नई इबारत लिखेगा। समस्त ग्रामवासी दिलीपपुर और छात्र युवा मंच, राजनांदगांव के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशाल रक्तदान शिविर को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह है। ग्राम स्तर पर पहली बार इतने बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविर का आयोजन होना न केवल दिलीपपुर बल्कि आसपास की पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायी पहल माना जा रहा है, जिसमें युवा, बुजुर्ग और सामाजिक कार्यकर्ता एकजुट होकर समाजहित के लिए आगे आए हैं।

यह रक्तदान शिविर छत्तीसगढ़ शासन के बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर तथा सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसे आयोजकों ने औपचारिक उत्सव के बजाय मानव सेवा से जोड़ने का निर्णय लिया है। ग्रामीण क्षेत्र में रक्त की कमी को देखते हुए यह पहल जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होगी। आयोजकों का कहना है कि यह शिविर केवल रक्त संग्रह का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश है, जो दिलीपपुर को मानवता के एक सशक्त उदाहरण के रूप में स्थापित करेगा।