बस के इंतजार में खड़ी शिक्षिका को ईको ने मारी टक्कर, अस्पताल पहुंचते ही मौत; दो बहनें घायल

बस के इंतजार में खड़ी शिक्षिका को ईको ने मारी टक्कर, अस्पताल पहुंचते ही मौत; दो बहनें घायल

खैरागढ़।  ठेलकाडीह में हुए सड़क हादसे में एक शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतका की पहचान किरण सिंह के रूप में बताई गई है। पुलिस के अनुसार हादसा करीब शाम 4 बजे हुआ। शिक्षिका प्राथमिक शाला में ड्यूटी पूरी करने के बाद घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान मोहारा चौकी की ओर से राजनांदगांव-दुर्ग की दिशा में जा रही मारुति सुजुकी ईको क्रमांक CG 07 CJ 3862 ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में कक्षा पांचवीं की छात्रा कुमारी दुर्गेश्वरी और उसकी छोटी बहन कक्षा पहली की छात्रा कुमारी देविका भी घायल हुई हैं। दुर्गेश्वरी की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार वाहन में तीन लोग सवार थे और प्रारंभिक जांच में तीनों के शराब सेवन की पुष्टि हुई है। सभी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। घायल शिक्षिका को उपचार के लिए चिखली ले जाया गया, जहां अस्पताल पहुंचने के बाद उनकी मौत हो गई।

घटना पर भोज बंजारे ने जताई नाराजगी, एम्बुलेंस व्यवस्था पर उठाए सवाल

ठेलकाडीह भाजपा मंडल अध्यक्ष भोज बंजारे ने घटना को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मरकामटोला स्वास्थ्य केंद्र में खड़ी एम्बुलेंस को फोन करने के बावजूद करीब आधे घंटे तक ड्राइवर मौके पर नहीं पहुंचा। एम्बुलेंस पहुंचने के बाद उसमें सायरन की व्यवस्था भी नहीं थी, जिसके कारण घायल महिला शिक्षिका को अस्पताल ले जाते समय एम्बुलेंस को रुक-रुककर आगे बढ़ना पड़ा। उन्होंने कहा कि जब घायल शिक्षिका को चिखली पहुंचाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे मामलों को लेकर हमेशा सजग रहती है, लेकिन कुछ कर्मचारियों की लापरवाही से व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं और सरकार की छवि धूमिल हो रही है। यदि एम्बुलेंस समय पर पहुंचती और घायल शिक्षिका को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिलती तो शायद उसकी जान बचाने का प्रयास किया जा सकता था। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था में जिम्मेदारी और तत्परता सुनिश्चित किए जाने की बात कही। हादसे में घायल दोनों बहनों का उपचार जारी है, वहीं घटना के बाद पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।