बाजार अतरिया में क्लिनिक और पैथोलॉजी लैब का औचक निरीक्षण

बाजार अतरिया में क्लिनिक और पैथोलॉजी लैब का औचक निरीक्षण

वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर तीन संचालकों को नोटिस, तीन दिन में दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश

खैरागढ़। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर नर्सिंग होम एक्ट के नोडल अधिकारी के नेतृत्व में गठित जांच दल ने विकासखंड खैरागढ़ के बाजार अतरिया क्षेत्र में संचालित क्लिनिकों और पैथोलॉजी लैब का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ संस्थानों के संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने दिशा पैथोलॉजी के जितेंद्र वर्मा, रुद्राक्ष पैथोलॉजी के प्रेम प्रकाश साहू और श्रेया क्लिनिक के हिमलेश वर्मा को नोटिस जारी किया है।

नोटिस में संबंधित संचालकों को क्लिनिक एवं पैथोलॉजी लैब संचालन से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ तीन दिवस के भीतर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नर्सिंग होम एक्ट के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अवैधानिक रूप से संचालित क्लिनिकों और पैथोलॉजी लैब की जांच के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।