कोयला घोटाले की आंच खैरागढ़ उपचुनाव तक, ईओडब्ल्यू के चालान में चुनावी खर्च के लिए रकम भेजने का जिक्र
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 500 करोड़ रुपए से अधिक के कथित कोयला घोटाले की जांच में खैरागढ़ उपचुनाव से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) द्वारा रायपुर के विशेष न्यायालय में प्रस्तुत 9500 पन्नों के पूरक चालान में खैरागढ़ उपचुनाव के लिए रकम भेजे जाने और चुनाव संबंधी खर्चों का उल्लेख किया गया है। जब्त डायरियों में दर्ज प्रविष्टियों के आधार पर ईओडब्ल्यू ने विधायक देवेंद्र सिंह यादव और विनोद तिवारी की कथित भूमिका का विवरण चालान में शामिल किया है।
खैरागढ़ उपचुनाव के लिए भेजी गई रकम का जिक्र
ईओडब्ल्यू के अनुसार, भिलाई नगर विधायक देवेंद्र सिंह यादव और उनके लिए रकम प्राप्त करने वाले नवाज से संबंधित जब्त डायरियों में 11 प्रविष्टियों के तहत कुल 3 करोड़ रुपए दर्ज हैं। इनमें खैरागढ़ उपचुनाव के लिए भेजी गई रकम भी शामिल बताई गई है। जांच एजेंसी का दावा है कि सूर्यकांत तिवारी से प्राप्त रकम का उपयोग चुनाव संबंधी कार्यों और व्यक्तिगत खर्चों में किया गया।
चुनावी होर्डिंग के भुगतान और जिला पंचायत पदाधिकारियों के लिए रकम की व्यवस्था का उल्लेख
पूरक चालान के अनुसार, विनोद तिवारी के नाम अथवा उनसे जुड़े नामों से जब्त डायरियों में 22 प्रविष्टियों के तहत लगभग 2.12 करोड़ रुपए दर्ज हैं। ईओडब्ल्यू ने जांच में सूर्यकांत तिवारी से नकद रकम प्राप्त करने और उसका राजनीतिक कार्यों में उपयोग किए जाने का दावा किया है। चालान में विशेष रूप से खैरागढ़ उपचुनाव के दौरान होर्डिंग के भुगतान तथा जिला पंचायत के पदाधिकारियों और सदस्यों के लिए रकम की व्यवस्था से संबंधित विवरण भी शामिल है। फिलहाल ये जांच एजेंसी के दावे हैं, जिन पर न्यायालय का अंतिम निर्णय आना शेष है।




