धान खरीदी में अव्यवस्था को लेकर आप का ज्ञापन, 28 फरवरी तक तिथि बढ़ाने की मांग
टोकन कटौती, भौतिक सत्यापन और जबरन रकबा समर्पण से किसान परेशान
खैरागढ़. प्रदेश में धान खरीदी व्यवस्था में आ रही गंभीर समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। आम आदमी पार्टी, जिला खैरागढ़–छुईखदान–गंडई के जिला अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में किसानों की समस्याओं को लेकर माननीय कृषि मंत्री के नाम एक ज्ञापन कलेक्टर के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में टोकन नहीं कटने, भौतिक सत्यापन के नाम पर किसानों के अपमान, जबरन रकबा समर्पण और धान खरीदी की तिथि बढ़ाने जैसी प्रमुख मांगें रखी गईं।
ज्ञापन में बताया गया कि जिले सहित पूरे प्रदेश में बड़ी संख्या में किसानों का टोकन नहीं काटा जा रहा है। भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया के दौरान किसानों को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। पूर्व में एग्रोस्टेक में गड़बड़ी और सर्वर डाउन की समस्या के चलते लाखों किसानों का रकबा घटा दिया गया, जिसके बाद किसानों से जबरन रकबा समर्पण कराया जा रहा है। प्रतिदिन खरीदी की तय सीमा होने के कारण कई किसान अपनी पूरी फसल नहीं बेच पा रहे हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों ने फसल के लिए कर्ज लेकर खेती की है और धान नहीं बिकने की स्थिति में प्रदेश में कई किसानों द्वारा आत्महत्या का प्रयास किया जा चुका है। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया और धान खरीदी की तिथि 28 फरवरी 2026 तक नहीं बढ़ाई गई, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। पार्टी ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी नहीं होने पर किसानों के साथ मिलकर प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष संदीप जंघेल, जिला महासचिव श्याम मूर्ति नायडू सहित आम आदमी पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ज्ञापन सौंपने के बाद पार्टी नेताओं ने किसानों के हित में शीघ्र निर्णय लेने की मांग की



