छुईखदान पुलिस की सख्त कार्रवाई, तीन दिनों में 2 सटोरिए और 14 जुआरी गिरफ्तार
खैरागढ़. जिले में जुआ, सट्टा और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए केसीजी पुलिस ने बीते तीन दिनों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 2 सटोरियों और 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस मुहिम के तहत अलग–अलग स्थानों पर रेड कर लाखों की गतिविधियों पर रोक लगाई गई और बड़ी मात्रा में नगदी व सट्टा सामग्री जब्त की गई।
छुईखदान थाना क्षेत्र में लक्ष्मणपुर भांठापारा और बैरागीपारा से दो सटोरियों दिनेश तिवारी उर्फ दिना और भुवन शर्मा उर्फ पक्का को सट्टा पट्टी, डाट पेन और नगदी रकम के साथ पकड़ा गया। वहीं टेकापार काला और डुमराही खार क्षेत्र में जुए की फड़ पर छापेमारी कर कुल 8 जुआरियों को गिरफ्तार कर हजारों रुपये जब्त किए गए। इसी क्रम में 11 जनवरी को घिरघोली नदी किनारे राधेश्याम के खेत में छापेमारी कर 6 और जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा गया, जिनके पास से 7200 रुपये नकद जब्त किए गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। जिला केसीजी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी तरह की आपराधिक या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।



