आंगनबाड़ी केंद्रों में गूंजे कृष्ण के भजन, राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्ने

आंगनबाड़ी केंद्रों में गूंजे कृष्ण के भजन, राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्ने

खैरागढ़. महिला एवं बाल विकास परियोजना खैरागढ़ अंतर्गत ठेलकाडीह एवं जालबांधा सेक्टर के समस्त ग्राम पंचायतों के आंगनबाड़ी केंद्रों में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्ष और उत्साह के साथ मनाया गया। नन्हे-मुन्ने बालक-बालिकाएं राधा, कृष्ण और उनके सखाओं की आकर्षक वेशभूषा में सजकर पहुंचे, जिससे आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्सव का रंग नजर आया। कई केंद्रों में मटकी फोड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जो बच्चों और अभिभावकों के लिए खास आकर्षण रही।

आयोजन के दौरान अनौपचारिक शिक्षा के माध्यम से बच्चों के साथ उनके पालकों को भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी गई। भगवान कृष्ण की लीलाओं से जुड़े प्रसंगों, भजनों और गीतों पर बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। पूरे आयोजन में आंगनबाड़ी केंद्रों में उल्लास और भक्ति का माहौल बना रहा। कार्यक्रमों के दौरान सेक्टर सुपरवाइजर श्यामा कुमारी डोंगरे भी उपस्थित रहीं और आयोजन की गतिविधियों में सहभागिता की।