सुकुलदैहान पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला से अवैध शराब बरामद
राजनांदगांव. पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में पुलिस चौकी सुकुलदैहान ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर जलाराम पेट्रोल पंप के पास स्थित झोपड़ीनुमा दुकान में दबिश देकर ममता साहू के कब्जे से 18 पाव देशी मदिरा, कुल 3.240 बल्क लीटर और बिक्री की नगद राशि 350 रुपये जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(ए) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। सुकुलदैहान पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिससे असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



