पुरेना में राष्ट्रीय युवा दिवस पर स्वामी विवेकानंद को किया गया नमन
खैरागढ़. शासकीय प्राथमिक शाला पुरेना, संकुल केंद्र घिरघोली में 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद की जयंती पर पूजा-अर्चना की गई, जिसके बाद प्रधान पाठक तुलेश्वर कुमार सेन ने विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के जीवन, उनके आदर्शों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने शिकागो धर्म सभा में दिए गए ऐतिहासिक उद्बोधन, भारत की सांस्कृतिक महानता और युवाओं के प्रति स्वामी जी के संदेशों को सरल शब्दों में समझाते हुए बच्चों को आत्मविश्वास, अनुशासन और देशभक्ति की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में सहायक शिक्षक गोकुल राम वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। छात्र-छात्राओं ने पूरे मनोयोग से कार्यक्रम में सहभागिता की और स्वामी जी के विचारों को सुना। अंत में प्रधान पाठक तुलेश्वर कुमार सेन ने कविता पाठ कर वातावरण को प्रेरणादायी बना दिया। पूरे आयोजन में विद्यालय परिसर स्वामी विवेकानंद के विचारों से ओत-प्रोत नजर आया।



