जिले में दलहन–तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू, अतरिया उपार्जन केंद्र में पहली खरीद

जिले में दलहन–तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू, अतरिया उपार्जन केंद्र में पहली खरीद

खैरागढ़. किसानों को फसलों का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के तहत प्राइस सपोर्ट स्कीम (PSS) के अंतर्गत जिले में दलहन एवं तिलहन फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रारंभ हो गई है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में नाफेड एजेंसी द्वारा उपार्जन केंद्र अतरिया में सोयाबीन की खरीदी शुरू की गई, जहां पहले ही दिन ग्राम जोरातराई निवासी किसान रामकिशुन वर्मा से 2 क्विंटल सोयाबीन 5,328 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा गया, जिसकी कुल राशि 10,656 रुपये रही। नाफेड प्रतिनिधियों द्वारा गुणवत्ता जांच के बाद नियमानुसार खरीदी की गई, इस दौरान जिला पंचायत सदस्य जमुना कुर्रे, जनपद सदस्य दीक्षा गुप्ता, उप संचालक कृषि राजकुमार सोलंकी सहित कई जनप्रतिनिधि व किसान उपस्थित रहे।

जिले के अधिसूचित उपार्जन केंद्र अतरिया, मुढ़ीपार और गंडई में सोयाबीन, मूंग, उड़द और अरहर की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जाएगी, जिसमें सोयाबीन 5,328 रुपये, मूंग 8,768 रुपये, उड़द 7,800 रुपये और अरहर 8,000 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का एकीकृत किसान पोर्टल या ई-समृद्धि पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य है, जिसके बाद किसान सीधे उपार्जन केंद्र में उपज बेच सकेंगे और भुगतान सीधे बैंक खाते में मिलेगा। कृषि विभाग ने अधिक से अधिक किसानों से योजना से जुड़कर अपनी उपज उचित मूल्य पर बेचने की अपील की है।