सोनपुरी में वृहद निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग व स्वास्थ्य शिविर, 469 ग्रामीणों को मिला लाभ
खैरागढ़. राज्यपाल के गोद ग्राम सोनपुरी में जिला प्रशासन, भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य एवं कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में बालको कैंसर सेंटर रायपुर की विशेषज्ञ टीम ने मोबाइल कैंसर डिटेक्शन वैन के माध्यम से स्तन, गर्भाशय ग्रीवा और मुख कैंसर की जांच की। शिविर में अस्थि, दंत, नेत्र, त्वचा, सामान्य चिकित्सा और आयुष से जुड़ी सेवाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि सोनपुरी, दुल्लापुर और आसपास के क्षेत्रों से कुल 469 ग्रामीणों ने जांच व परामर्श का लाभ लिया, जिनमें 244 मरीजों ने एलोपैथी और 225 ने आयुष चिकित्सा सेवाएं प्राप्त कीं। अस्थि रोग के 41, नेत्र के 37, दंत के 15, त्वचा रोग के 25 मरीजों की जांच की गई, जबकि 35 लोगों का हीमोग्लोबिन और 16 का सिकलिंग परीक्षण किया गया, जिसमें 2 मरीज पॉजिटिव पाए गए। कैंसर स्क्रीनिंग के तहत 226 महिलाओं की स्तन जांच हुई, 13 की एडवांस मैमोग्राफी और 9 महिलाओं का पैप स्मीयर टेस्ट किया गया, जिनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे उपचार किया जाएगा।
शिविर के सफल संचालन में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन, डीपीएम सोनल ध्रुव, बीपीएम आकाश तंबोली सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाजार अतरिया की टीम, विशेषज्ञ चिकित्सकों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों और मितानिनों का सराहनीय योगदान रहा। ग्रामीणों के परिवहन की भी समुचित व्यवस्था की गई थी। इस पहल से ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ी है और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान कर जनस्वास्थ्य को सशक्त करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



